नई दिल्ली शनिवार 14 दिसम्बर 2019। केंद्र सरकार ने भले ही संसद में नागरिकता संसोधन बिल पास करवाकर उसे कानून का रूप दे दिया हो लेकिन इसके खिलाफ सड़क पर विरोध बढ़ता जा रहा है। असम में फैली विरोध की आग अब पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक पहुंच गई है। शुक्रवार को Citizenship Amendment Act के विरोध में उत्तर प्रदेश, बंगाल और दिल्ली में कई जगहों पर जमकर प्रदर्शन हुए। बंगाल मे CAB के विरोध में हजारों लोग अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर पहुंच गए और ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक्स पर टायर जला दिए और स्टेशनों में भी तोड़फोड़ और आगजनी की गई। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने वहां से गुजरने वाली ट्रेनों में भी पथराव किया। रेल कर्मचारियों और आरपीएफ जवानों को दौड़ा कर पीटा गया।
जानकारी के अनुसार, उलूबेरिया स्टेशन के टिकट काउंटर में तो उपद्रवियों ने धावा बोला और करीब चार लाख की नगदी, आठ कम्प्यूटर समेत अन्य सामान लूट ले गए। इतने विरोध प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे ने 26 इएमयू समेत कई पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया। पूर्व रेलवे के सियालदह डिवीजन अंतर्गत बेलडांगा स्टेशन पर भी शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे लोगों का हुजूम पहुंच गया। रेल पटरी पर टायर और फर्नीचर जलाकर ट्रेन संचालन ठप कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्टेशन में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंचे आरपीएफ कर्मियों और केबिन मैन को भी पीटा गया। स्टेशन मास्टर कक्ष को आग के हवाले कर दिया गया।
यूपी में भी जबर्दस्त प्रदर्शन
CAB के खिलाप विरोध प्रदर्शन उत्तर प्रदेश में भी जारी है। यूपी के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रों ने चौथे दिन चार घंटे प्रदर्शन किया। छात्रों ने धक्का-मुक्की भी की, जिसमें डीएम चंद्रभूषण सिंह गिरने से बचे। कई अन्य जिलों में भी लोग सड़क पर निकल आए। जुमे की नमाज के चलते अलीगढ़ शहर में पुलिस ने खास सर्तकता बरती। अलीगढ़ में गुरुवार रात 12 बजे से बंद की गई इंटरनेट सेवा शुक्रवार की देर शाम बहाल कर दी गई।