रांची सोमवार 23 दिसम्बर 2019 ताजा रुझानों के मुताबिक कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन बहुमत से एक सीट पीछे हैं। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी या गठबंधन को 41 सीट लाना जरूरी है। कांग्रेस-जेएमएम और राजद गठबंधन फिलहाल 40 सीटों पर आगे हैं जबकि भाजपा के उम्मीदवार 32 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।
भाजपा में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं- सरयू राय
रुझानों में सीएम रघुवर दास से आगे निकले भाजपा के बागी नेता सरयू राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता भी काफी खुश हैं। परिस्थितियां तय करती हैं। कौन मुस्कुराएगा कौन गमगीन होगा यह समय तय करता है। अब मैं किसी घर में जाने वाला नहीं हूं। मेरी कोई महत्वकांक्षा नहीं है, पार्टी के लोग पहचानते तो यह स्थिति नहीं होगी। मैं तटस्थ रहूंगा। राज्य में जो भी सरकार बनेगी वह राजहित में होगा तो मैं समर्थन करूंगा। भाजपा में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं है।
भाजपा 29 सीटों पर और कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन 41 सीटों पर आगे
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है और अब तक मिले रुझानों के अनुसार, राज्य की 41 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस-जेएमएम गठबंधन आगे है वहीं भाजपा 29 सीटों पर आगे चल रही है। गठबंधन में जेएमएम 24 विधानसभा सीटों पर, कांग्रेस 12 विधानसभा सीटों पर, राजद पांच विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं जेवीएम (पी) तीन सीटों पर, आजसू दो , भाकपा माले, एनसीपी एक-एक सीट पर और निर्दलीय तीन विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है।
12:51 PM, 23-DEC-2019
छह सीटों पर कांटे की टक्कर
झारखंड के रुझानों में छह सीटें ऐसी हैं जहां कांटे की टक्कर चल रही है। इन सीटों पर जीत-हार का अंतर हजार वोटों से भी कम चल रहा है और इनमें 3 सीटों पर भाजपा को बढ़त है। कम अंतर वाली सीटों में से दो पर जेएमएम गठबंधन आगे चल रहा है। वहीं एक सीट पर अन्य को बढ़त हासिल है।
12:34 PM, 23-DEC-2019
सीएम रघुवर से आगे निकले बागी सरयू राय, हेमंत सोरेन दोनों सीटों पर आगे
जमशेदपुर पूर्व से मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार रघुवर दास पीछे हो गए हैं। यहां से भाजपा के बागी नेता सरयू राय फिलहाल आगे चल रहे हैं। वहीं जेएमएम नेता हेमंत सोरेन दोनों सीट बरहेट और दुमका से आगे चल रहे हैं।