सीहोर |राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में सीहोर जिले में 40 उप स्वास्थ्य केन्द्रों के 342 ग्रामों में उच्च रक्तचाप , डायबिटिज,मुख, छाती व गर्भाषय ग्रीवा के केंसर की जांच व उपचार हेतु निरोगी काया अभियान के नाम से विशेष अभियान चलाया गया था। अभियान की महत्ता को देखते हुए स्वयं कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी श्री अजय गुप्ता द्वारा कार्यकम की विस्तृत समीक्षा की जा रही थी। निरोगी काया अभियान के अंतर्गत संपूर्ण जिले में 1 लाख 31 हजार 365 लोगों का पंजीयन किया गया। करीब ढाई माह तक चले इस अभियान में ब्लड प्रेशर तथा शुगर सहित कई बीमारियों की जांच की गई। इसके लिए 30 सितंबर से विशेष अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान करीब 9 हजार 426 मरीज ब्लड प्रेशर और शुगर से पीडित मिले। इसमें 3995 मरीज डायबिटिज के तथा 6276 उच्च रक्तचाप के जांच के दौरान मिले। जिनका उपचार स्वास्थ्य संस्थाओं में किया जा रहा है।
अभियान के लिए जिले की कुल जनसंख्या में से 4 लाख 27 हजार 046 जनसंख्या में 30 से अधिक आयु के 1 लाख 3 हजार 298 लोगों का जांच के जिए चिन्हित किया था। निरोगी काया अभियान के अंतर्गत 28 हजार 448 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। उच्च संस्थानों में 1486 मरीजों को रेफर किया गया। अभियान के दौरान मुख केंसर के 3 तथा सर्वाईकल केंसर के 3 मरीज चिन्हित किए गए। अभियान के दौरान वैलनेस गतिविधियों के तहत विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए जिसमें योगा, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिताओं के साथ कई खेलकूद गतिविधियों के अंतर्गत स्कूलों में दौड़ प्रतियोगिताएं, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो प्रतियोगिताओं के साथ ही जागरूकता सत्रों का भी आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि जैसे-जैसे जनसामान्य में संक्रामक रोगों पर काबू किया जा रहा है। असंचारी रोग से पीडितों की बड़ी संख्या सामने आ रही है इस तरह के अभियान इन बीमारियों पर नियंत्रण हेतु उपयोगी है।